दरोगा ने पत्नी और सास-ससुर पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया, कहा- मेरी किन्नर से शादी करा दी

स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में तैनात एक दरोगा ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पत्नी और सास-ससुर के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि जिस युवती से उनकी शादी कराई गई, वह असल में किन्नर है। यह बात सास-ससुर ने छिपाई है। पत्नी ने भी दरोगा के खिलाफ प्रतापगढ़ की सदर कोतवाली में दहेज उत्पीड़न को लेकर तहरीर दी। मामले में आईजी केपी सिंह ने कहा- दरोगा की पत्नी की मेडिकल जांच होगी। जिसके बाद आरोपों की सच्चाई का पता चल सकेगा। 


प्रतापगढ़ के लालगंज बहुचरा के रहने वाले एक दरोगा की प्रयागराज में एसटीएफ में तैनाती है। दरोगा और एक युवती की शादी 5 अक्टूबर 2019 को प्रतापगढ़ के बेल्हा देवी मंदिर से हुई थी। दरोगा का आरोप है कि जब लड़की घर आई तो पता चला कि वो किन्नर है। इसके बाद लड़की अपने घर आ गई। लड़की ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने से कोर्ट की शरण ली। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। 4 दिन बाद पति ने अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का प्रयास किया, जिसका विरोध करने पर पिटाई की गई। 


लड़की ने किन्नर होने के आरोपों को खारिज किया


पीड़िता ने पति पर मारपीट, दहेज की डिमांड और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। किन्नर होने के आरोप को खारिज भी किया है। लड़की के पिता का कहना है कि मेरी बेटी मां नहीं बन सकती है। शादी से पहले ही दरोगा से इस बात को बताया गया था। दरोगा की ये दूसरी शादी थी। पहले पत्नी से दो बच्चे हैं। वह जेल भेजने की धमकी दे रहा है।